जमशेदपुर:
पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी पर NDPS एक्ट के एक मामले को लेकर मदद करने के एवज में शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी जमशेदपुर ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार द्वारा मुकदमे में सहयोग करने के बदले पैसे मांगने की शिकायत एसीबी जमशेदपुर कार्यालय में की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाये गमुकदमे में मदद के नाम पर घूस मांगने का आरोप सही पाये गये। इसके बाद टीम ने ट्रैप की पूरी योजना तैयार की।

गिरफ्तारी के बाद जमशेदपुर ले गई टीम
गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार 15 हजार रुपये लेकर थाना प्रभारी के पास पहुंचा। जैसे ही मनीष कुमार ने रिश्वत की रकम ली, पहले से तैनात एसीबी की टीम ने उन्हें पकड़ लिया। टीम ने उनके पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी थाना प्रभारी को अपने साथ लेकर जमशेदपुर पहुंची और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी स्तर के पुलिस अधिकारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

दोषी पाए जाने पर होगी विभागीय कार्रवाई
इधर, पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने बताया कि एसीबी की कार्रवाई की सूचना उन्हें मिली है। पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाये जाते हैं तो आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जायेगी।