logo

विदाई के दो घंटे बाद ही हादसे ने छीन ली दुल्हन की सांसें, दुमका में दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो की मौत

OPS.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के दुमका जिले में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं। विदाई के बाद ससुराल लौट रही नई-नवेली दुल्हन और एक बाराती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दलदली गांव के पास एनएच-114ए पर घटी। हादसा गुरुवार देर रात करीब 2 बजे उस वक्त हुआ, जब पाकुड़िया थाना क्षेत्र के बाबूझोंटी गांव निवासी निर्मल मुर्मू अपनी पत्नी चुकुज हांसदा उर्फ चुनके हांसदा के साथ विवाह के बाद घर लौट रहा था। बारातियों का यह दल चार बाइकों पर सवार होकर नवपहाड़ गांव से वापस आ रहा था।


रास्ते में एक पत्थर लदे हाइवा ट्रक से गिरा पत्थर एक बाइक सवार के चेहरे पर जा लगा, जिससे सभी बाइक सवार रुक गए और घायल व्यक्ति की स्थिति देखने लगे। इसी बीच, रामपुरहाट की ओर से आ रहे एक तेज़ रफ्तार खाली ट्रक ने चारों बाइकों को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही 45 वर्षीय दुनुस सोरेन की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका भेजा गया। इलाज के दौरान दुल्हन चुकुज हांसदा ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में जुबा हांसदा (दुल्हन की बहन), संतोमुनी मुर्मू, बबलू मुर्मू, विनोद मुर्मू और हेमान किस्कू शामिल हैं। इनमें से तीन की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।


शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने यह भी बताया कि मृतकों में नवविवाहिता दुल्हन भी शामिल है, जिससे पूरे गांव में मातम पसर गया है।