logo

चतरा : पिता को मृत बच्चे का मुंह दिखाने जेल पहुंची महिला, किसी ने नहीं सुनी फरियाद

NANI.jpg

चतरा:
वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के बंदरचुवां गांव  से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 27 वर्षीय चुमन महतो की पत्नी फूल देवी ने शुक्रवार रात एक बच्चे को जन्म दिया था। उस वक्त नवजात की तबीयत बिल्कुल ठीक थी। प्रसव उसके मायके प्रतापपुर के घोरदौड़ा के निजी क्लीनिक में हुआ था। शनिवार रात अचानक नवजात की तबीयत खराब हो गई। ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण आने-जाने की कोई व्यवस्था नहीं थी, इसलिए परिजन सुबह होने का इंतजार करने लगे।


किसी ने ना सुनी नानी की पुकार 
हालांकि, सुबह होने से पहले ही रात में ही नवजात ने दम तोड़ दिया। नवजात का पिता चुमन महतो मंडल कारा में बंद है। ऐसे में  नवजात बेटे की मौत के बाद नानी कुलेश्वरी देवी नवजात का शव लेकर जेल पहुंची कि कम से कम बच्चे का अंतिम दर्शन पिता को करवा दें। वह सुबह 8 बजे से जेल के गेट के पास बैठी रही लेकिन किसी ने भी उसकी अपील पर ध्यान नहीं दिया। लोगों ने जेल मैन्युअल का हवाला देकर पिता को मृत बच्चे का मुंह दिखाने से मना कर दिया। आखिरकार महिला दोपहर में उठकर वहां से चली गई और बच्चे का अंतिम संस्कार किया।