logo

Breaking : चतरा में SP आवास के सामने प्राइवेट गार्ड की गोली मारकर हत्या, पुलिस जवान हिरासत में

चतरा में SP आवास के सामने प्राइवेट गार्ड की गोली मारकर हत्या, पुलिस जवान हिरासत में

चतरा:

झारखंड के चतरा में पुलिस अधीक्षक के आवास के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग हुई। इस घटना से पूरे इलाके में  सनसनी फैल गई। गोली लगने से एक निजी गार्ड की मौके पर मौत की खबर है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फायरिंग का मुख्य आरोपी जिला बल का एक जवान बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी जवान को हिरासत में लिया है। घटनास्थल के पास खड़ी एक फोर्ड एंडेवर कार क भी पुलिस ने जब्त किया है। हालांकि, अभी स्पष्ट नहीं है कि इस कार का फायरिंग और मौत की घटना से क्या संबंध है। 


 

वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे
घटना की सूचना पर सिमरिया और टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास खड़ी फोर्ड एंडेवर कार चतरा में बाईपास निर्माण कार्य कर रही रमियां कंस्ट्रक्शन के मालिक एवं गया निवासी रॉकी यादव की है। पुलिस ने उक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार से अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, हथियारों की संख्या और बरामदगी से जुड़ी अन्य जानकारी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

फॉरेंसिक टीम को बुलाने का दिया निर्देश 
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। मामले को लेकर पुलिस के वरीय अधिकारी फिलहाल कुछ भी आधिकारिक तौर पर कहने से बच रहे हैं। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा होने की संभावना है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है और ना ही मृतक का पहचान हुआ है।

Tags - JharkhandChiabasaPrivate Guard MurderCrime NewsFiring