logo

बोकारो में साधु बनकर घर पहुंचे ठग, चमत्कार का झांसा देकर सोने के गहने लेकर फरार; 2 सगे भाई गिरफ्तार

बोकारो में साधु बनकर घर पहुंचे ठग, चमत्कार का झांसा देकर सोने के गहने लेकर फरार; 2 सगे भाई गिरफ्तार

बोकारो: 
Bokaro News:
बीएस सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1सी में चमत्कार दिखाकर महिला से सोने के आभूषण ठगने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों साधु के वेश में महिला के घर पहुंचे थे। उसकी परेशानियां दूर करने का भरोसा देकर सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स ठग लिए। इसके बदले उन्होंने साड़ी में पीतल के लॉकेट बांधकर महिला को दे दिए। पुलिस ने दोनों को बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास बने तंबू से गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर ठगी के आभूषणों समेत बड़ी संख्या में पीतल के लॉकेट और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपित सगे भाई हैं और बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं।

भोजन मांगने के बहाने पहुंचे थे महिला के घर
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप टू निवासी बबीता देवी के घर दो व्यक्ति साधु के वेश में पहुंचे थे। दोनों ने महिला से भोजन मांगा। महिला ने उन्हें खाना खिलाया। इसी दौरान बातचीत में महिला ने अपनी परेशानियों के बारे में बताया। आरोपितों ने इसका फायदा उठाते हुए चमत्कार दिखाने और आशीर्वाद से उसकी परेशानियां दूर करने का दावा किया। इसके लिए उन्होंने महिला से घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लाने को कहा।

सोने के आभूषण लेकर साड़ी में बांध दिए पीतल के लॉकेट
आरोपितों की बातों में आकर महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उन्हें दे दिए। दोनों ने आभूषणों को साड़ी में बांधकर महिला को वापस कर दिया। साथ ही उसे निर्देश दिया कि उनके जाने के बाद शाम पांच बजे ही साड़ी खोलनी है। उन्होंने महिला को यह कहकर डराया कि इससे पहले साड़ी खोलने पर अनहोनी हो सकती है। शाम पांच बजे जब महिला ने साड़ी खोली, तो उसमें सोने के आभूषणों की जगह पीतल के 10 लॉकेट मिले। इसके बाद महिला को ठगी का पता चला। महिला के पति सुरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को बीएस सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

रेलवे स्टेशन के पास तंबू में छापेमारी कर दोनों गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कांड संख्या 234/2026 दर्ज की। इसके बाद सिटी डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने बालीडीह रेलवे स्टेशन के पास बने तंबू में छापेमारी की और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर ठगी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किए गए।

गया जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के बेलाडीह गांव निवासी शम्भु लाठौर (करीब 30 वर्ष) और गयालाल लाठौर (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं।

मंगलसूत्र, कान के टॉप्स समेत ठगी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, मां दुर्गा के 20 पीस पीतल के लॉकेट, हनुमान जी के 20 पीस पीतल के लॉकेट, करीब 50 रंग-बिरंगे पत्थर, 10 पीतल के ताबीज और 10 पीतल की अंगूठियां बरामद की हैं।

साधु के वेश में आने वाले अनजान लोगों से सतर्क रहने की अपील
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने लोगों से अपील की है कि साधु के वेश में घर पहुंचने वाले अनजान लोगों के झांसे में न आएं। किसी भी परिस्थिति में अपने सोने-चांदी के आभूषण उन्हें न सौंपें। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से वास्तविक साधु-संतों के सम्मान को भी ठेस पहुंचती है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Tags - Bokaro News Thagi News Jharkhand Crime Fake Sadhu Crime News