logo

चक्रवाती तूफान दाना का झारखंड में असर, कोल्हान प्रमंडल में सभी स्कूल बंद; जानिए कब तक मौसम होगा साफ

DANA.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान दाना का असर झारखंड में भी दिख रहा है। गुरुवार को झारखंड के लगभग सभी इलाके में बादल छाये रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान का मध्य रात्रि में पुरी के पास टकराने के बाद शुक्रवार यानि 25 अक्टूबर की सुबह से ही रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला, रामगढ़, पलामू सहित दक्षिणी, मध्य व पूर्व भाग के कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है। चक्रवाती तूफान के कारण शुक्रवार को कोल्हान प्रमंडल के स्कूलों में 25 अक्टूबर तक अवकाश रहेगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है। 


मौसम विभाग ने खास कर कोल्हान में दाना से आम जनजीवन के ज्यादा प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की है। मौसम विभाग ने कोल्हान में ऑरेंज तथा रांची और आसपास के इलाके में येलो अलर्ट घोषित किया है। संताल परगना में हल्की बारिश हो सकती है। तूफान को देखते हुए राज्य में आपदा प्रबंधन ने तैयारी पूरी कर ली है। वहीं बिजली विभाग में कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गयी है। रांची-पुरी-भुवनेश्वर से आने-जानेवाली ट्रेनें रद्द कर दी गयी हैय़ मौसम विभाग ने 26 अक्तूबर को भी यही स्थिति बने रहने की संभावना जतायी है। हालांकि डाना का असर धीरे-धीरे कम होने के कारण 27 अक्तूबर को आकाश में बादल छाये रहने तथा कही-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जतायी है। 28 अक्तूबर को मौसम साफ होने जाने की उम्मीद है।



मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड के कई इलाकों में वज्रपात भी हो सकता है. बारिश के बाद 26 और 27 अक्टूबर को कुहासा छाये रहने तथा 28 अक्टूबर से ठंड बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है. किसानों को खेतों में जल निकासी करने तथा तैयार सब्जी तोड़ लेने की सलाह दी है. पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक बारिश पाकुड़ स्थित महेशपुर में 86 मिमी दर्ज की गयी है, जबकि राजमहल में 42.2 मिमी बारिश हुई.

Tags - Weather Weather Jharkhand Rain in Jharkhand Jharkhand News Dana in Jharkhand Effect of Dana Cyclonic Storm Dana