जमशेदपुर/रांची
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन - मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क (IMA MSN) झारखंड ने वर्ष 2026–27 के लिए अपनी नई राज्य कार्यकारिणी टीम की घोषणा कर दी है। इस बार संगठन की कमान मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर की डॉ. अनुश्री बराल को सौंपी गई है, जिन्हें सर्वसम्मति से राज्य अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, AIIMS देवघर के डॉ. राजा बाबू नए राज्य महासचिव बनाए गए हैं। यह नई टीम राज्यभर के मेडिकल छात्रों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने और उनकी प्राथमिकताओं को मजबूती से मंच देने की दिशा में काम करेगी।
डॉ. प्रतीक व आकांक्षा बने नेशनल काउंसिल सदस्य
घोषित टीम के अनुसार, डॉ. प्रतीक रंजन और आकांक्षा तिवारी को नेशनल काउंसिल सदस्य बनाया गया है, जबकि सुशांत कुमार को राज्य उप-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा परिधा सिंह और चंद्रिका को सह-संयोजक बनाया गया है। वहीं आदित्य कुमार, विशाल कुंवर सिंह, श्रुति गुप्ता और अनंत राज संयुक्त सचिव के रूप में कार्य करेंगे। डॉ. सोनाक्षी, डॉ. राजू और डॉ. अंजलीना को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
मेडिकल छात्रों के बीच बढ़ेगी सक्रियता
IMA MSN झारखंड की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि नवगठित टीम राज्य के मेडिकल छात्रों के बीच छात्र सहभागिता बढ़ाने, शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने, पेशेवर विकास को प्रोत्साहित करने तथा सामुदायिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करेगी। संगठन ने उम्मीद जताई है कि नई टीम राज्यभर में मेडिकल छात्रों के बीच नेतृत्व क्षमता विकसित करने और संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएगी।