द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज में अवैध खनन के मामले को लेकर जांच कर रही ईडी ने फिर बड़ा खुलासा किया है। लगातार हो रही जांच व कई लोगों की गिरफ्तारी के बावजूद अवैध खनन का कार्य जारी है। ऐसे में ईडी ने साहिबगंज एसपी को कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है। साहिबगंज के मंडरो अंचल स्थित सिवरिया मौजा के नीबू पहाड़ पर प्लाट नंबर 69पी, 70पी, 71 पी और 73 पी में अभी भी धड़ल्ले से अवैध खनन चलने की बात सामने आई है। बुधवार और गुरुवार को लगातार दो दिन ईडी की टीम ने नए सिरे से उक्त इलाके की जांच की। इस दौरान मंडरो रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर जितेंद्र दुबे, माइनिंग ऑफिसर विभुति कुमार, मंडरो सीओ नरेश मुंडा, राजमहल सब रजिस्टार मनोज टुडू, झारखंड स्टेट पॉल्यूशन बोर्ड के रिजनल ऑफिसर कमलकांत पाठक आदि कई अधिकारी मौजूद थे।

पंकज मिश्रा-बिष्णु यादव करा रहे थे अवैध खनन
ईडी ने अपने निरीक्षण के दौरान पाया कि खदान उन कई खनन स्थलों में से एक है जिनका पूर्व में 25 जुलाई 2022 से लेकर 29 जुलाई 2022 को टीम ने जांच किया था। बताया जा रहा है कि पूर्व में ईडी की टीम ने जब पूछताछ की थी तो पुष्टि हुई थी कि इन सभी खनन स्थल अवैध रूप से पंकज मिश्रा और बिष्णु कुमार यादव उर्फ छोटू यादव चला रहे हैं। पुलिस ने दिसंबर 2022 में प्राथमिकी दर्ज की थी।

विस्फोट के लिए बनाए कई नए छेद
ईडी की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि खनन स्थल से अवैध रूप से पत्थर का उठाव हुआ है। इतना ही नहीं खदानों में विस्फोट के लिए कई नए छेद बनाने के साथ उनमें विस्फोटक डाले गए थे। ईडी की जानकारी मिली है कि इन खदानों में रात के समय खनन हो रहा था। वहीं, ईडी ने ड्रोन कैमरे की मदद से तस्वीरें ली। मिली जानकारी के अनुसार उन तस्वीरों में खनन स्थलों को मुख्य सड़कों से जोड़ने वाले भारी वाहनों, उपकरणों के पहियों के ताजा निशान भी दिखाई दे रहे थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT