द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. उत्पाद विभाग की टीम ने 370 लीटर स्पिरिट, 665 लीटर अवैध विदेशी शराब, 5 लीटर कैरामेल, 4000 खाली बोतलें, 1000 कार्टून, 11000 ढक्कन और 1000 होलोग्राम जब्त किये है. बता दें DC के निर्देश पर भरकट्टा थाना क्षेत्र के चिताखारो गांव स्थित एक धान गोदाम में उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब बनाने के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया.
बता दें इस कार्रवाई को लेकर अधीक्षक उत्पाद शिव कुमार साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान गोदाम में अवैध विदेशी शराब निर्माण का पूरा सेटअप संचालित पाया गया. इस मामले में चार अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. हालांकि, छापेमारी के दौरान सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक रवि रंजन ने किया. इस दौरान भरकट्टा थाना प्रभारी अमन कुमार के साथ जिला बल, सशस्त्र बल और गृह रक्षक जवानों ने भी अभियान में सहयोग दिया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
