मेदिनीनगर:
Jharkhand News: पलामू पुलिस (Palamu Police) ने अवैध पशु तस्करी (Cattle Smuggling) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 कंटेनरों से 73 भैंस-भैंसा बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दोनों कंटेनरों को जब्त करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पशुओं को वाहनों की निर्धारित क्षमता से अधिक संख्या में अमानवीय तरीके से लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई 26 और 27 अक्टूबर की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, मेदिनीनगर राजेश यादव के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया था।

चियांकी से आ रहे कंटेनर को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर जोड़ चेक पोस्ट के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 27 अक्टूबर की रात करीब 2:50 बजे चियांकी की ओर से एक कंटेनर आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने कंटेनर को तेजी से भगाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पकड़ लिया। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें निर्धारित क्षमता से अधिक संख्या में भैंस और भैंसा अमानवीय तरीके से लदे मिले। पुलिस ने पहले कंटेनर से 38 पशुओं को बरामद किया। इसके बाद कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए पोखराहा चौक के पास दूसरे कंटेनर को भी पकड़ा गया। दूसरे कंटेनर से 35 भैंस-भैंसा बरामद किए गए।
इस तरह दोनों कंटेनरों से कुल 73 पशुओं की बरामदगी हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों कंटेनरों को जब्त कर लिया है।

यूपी और लोहरदगा निवासी हैं सभी 6 आरोपी
पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के अजीम और मोहम्मद फरजान शामिल हैं। वहीं, लोहरदगा जिले के तैमुरू कुरैशी, मोहम्मद राजा, इरसाद अंसारी और गुलजार अंसारी को भी गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए कंटेनरों के रजिस्ट्रेशन नंबर UP 21 CT 6960 और NL 01L 1543 बताए गए हैं।
राजेश यादव के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पूरी कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में की गई। छापामारी दल में सदर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक कुलेश्वर महतो, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार तिवारी, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार दुबे तथा सदर थाना रिजर्व गार्ड और एसडीपीओ के अंगरक्षक शामिल थे। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।