logo

NDA सरकार बनने पर हर महीने महिलाओं के खाते में आएंगे ₹2100- बाबूलाल मरांडी

BABUULAL.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह में नामांकन सभा में कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। आए दिन हत्या और अपहरण की घटनाएं घट रही हैं। यहां बहू-बेटी तक सुरक्षित नहीं है। सरकार का काम अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल में डालना है, लेकिन राज्य सरकार खुद वसूली में लगी हुई है। 

मरांडी ने कहा कि पहले गांव में सड़क नहीं होती थीं, पुल-पुलिया भी नहीं होते थे। ये हालत देखकर लगता था कि कभी सड़कें या पुल-पुलिया बनेंगे भी या नहीं। लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद गांव-गांव तक सड़कें बनाई गई और घर-घर तक बिजली पहुंची। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, उसे पूरा करती है।

इस दौरान बाबूलाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प लिया है कि कोई भी गरीब पक्के छत के बिना नहीं रहेगा। सबको पक्का मकान दिया जाएगा। एक प्रोत्साहन राशि भी छात्रों के लिए है, जो बीए और एमए पास करके रोजगार और नौकरी की तलाश करते हैं। उन्हें भी प्रत्येक महीना 2 वर्षों तक 2000 रुपए दिये जाएंगे, ताकि बच्चे प्रतियोगिता की तैयारी कर सकें। 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में लाखों सरकारी पद खाली पड़े हैं। राज्य सरकार ने वादा किया था कि हर साल परीक्षा लेकर नियुक्ति करेंगे, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। NDA की सरकार इन खाली पदों को भी 5 वर्षों में भरेगी। NDA की सरकार बनने के 1 साल के अंदर डेढ़ लाख खाली पदों को भरा जाएगा। इसके साथ ही 5 वर्षों में 5 लाख नया रोजगार अन्य क्षेत्रों में सृजित किया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि भाजपा का यह संकल्प है कि राज्य में NDA की सरकार बनने पर महिलाओं को महीने की 11 तारीख को गोगो दीदी योजना के तहत 2100 रुपए उनके बैंक खाते में डाल दिया जाएगा। इसका निर्णय पहली कैबिनेट में होगा। लोगों को बताएं कि भारतीय जनता पार्टी जो वादा करती है, उसे हर हाल में पूरा करती है। NDA की सरकार बनने पर 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। साथ ही साल में पर्व पर 2 गैस सिलेंडर फ्री दिया जाएगा।

Tags - NDA Babulal Marandi Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand latest News News