logo

शाबाशी : 2 साल की मासूम चोरी हुई तो शिकायत के बाद पुलिस ने किया ये काम

1113.jpg
रांची :

दो साल की मासूम चोरी हो गई। माता-पिता परेशान हो गए। खूब ढूंढा मगर वह नहीं मिली। हताश, निराश, परेशान होकर ढेलाटोली सोहराय भवन रांची के समीप रहने वाले रंधीर कुमार मंडल पुलिस की शरण में पहुंचे। अरगोड़ा थाना में लिखित आवेदन दिया गया कि उनके दो वर्षीय पुत्री रिधी को किसी अज्ञात के द्वारा घर के पास से उठाकर ले जाया गया। पुलिस… जिस पर अक्सर ज्यादती करने, फरियादी की बात नहीं सुनने, मामलों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगता है। उसने इस मामले में ऐसा कार्य किया कि हर तरफ उसकी प्रशंसा हो रही है। शिकायत मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए अरगोड़ा थाना ने फौरन एक टीम का गठन किया। फिर पुलिस ने वह कर दिखाया जिसके कारण लोग उस पर भरोसा करते हैं।

4 घंटे में चोर को दबोचा, मासूम को बरामद किया

पुलिस रोज अपराधियों को पकड़ती है। जेल भेजती है। लेकिन आज फरियादी माता-पिता के चेहरे पर जो मुस्कान और सुकून लाई है वह हमेशा याद रहेगी। दरअसल बच्चा चोरी होने के महज 4 घंटे में पुलिस ने चोर को ढूंढ निकाला। पुलिस की टीम ने दो वर्षीय मासूम रिधी को सकुशल बरामद कर लिया। कडरू हज हाउस के पीछे से उस मासूम को बरामद किया गया। वहीं, बच्चा चुराने वाले 42 वर्षीय अपराधकर्मी शंभू शरण शर्मा (पिता- स्व. राम स्वरुप शर्मा) वर्तमान पता - कडरू हज हाउस के पीछे, स्थायी पता ग्राम बरदाहा, पो० सांद थाना सिरदला जिला नवादा (बिहार) को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम में ये थे शामिल

1. पु.अ.नि. रोहित कुमार

2. पु.अ.नि. सतीश वर्णवाल

3. पु.अ.नि. सुमित कुमार सिंह

4. स.अ.नि. जगलाल राम टाईगर मोबाइल

5. आ. उपेन्द्र कुमार सिंह

6. आ. बजरंग साहु