logo

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम, CM हेमंत सोरेन ने दिए आसान ड्राइविंग ट्रेनिंग के संदेश

transport.jpg

द फॉलोअप, रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि मुझे पूरी उम्मीद है कि राज्य में चाहे छोटी गाड़ी चलाने वाले चालक हों या बड़ी गाड़ी चलाने वाले, उन सभी के लिए एक बेहतर समाधान निकल कर सामने आएगा। आज यहाँ जिस आधुनिक तकनीक से ट्रेनिंग दी जा रही है, सिम्युलेटर जैसी मशीनें लगाई जा रही हैं, जिस तरह विमान उड़ाने के लिए पायलटों को सिम्युलेटर पर ट्रेनिंग दी जाती है, ठीक उसी तर्ज़ पर यहाँ चालकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। निश्चित रूप से, भले ही इसमें थोड़ा समय लगा हो, लेकिन यह एक बहुत ही सराहनीय और दूरगामी पहल है। लेकिन विभाग से मेरी अपेक्षा है कि इस पहल की गति धीमी नहीं होनी चाहिए। इसमें और तेजी लाने की जरूरत है, क्योंकि सड़क सुरक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में हमें अभी बहुत काम करना बाकी है। आज जिन भी चालकों को लाइसेंस प्राप्त हो रहा है, उन सभी को मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएँ। मुख्यमंत्री परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के साथ इंस्टिट्यूट ऑफ़ ड्राइविंग ,ट्रेनिंग एंड रिसर्च, जमशेदपुर की स्थापना के लिए हुए एमओयू कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

हेमंत सोरेन ने कहा कि कई लोग सोच रहे होंगे कि अचानक ऐसा कौन-सा कार्यक्रम हो गया, जहाँ ड्राइविंग लाइसेंस लेने वालों को एक साथ बुलाया गया? दरअसल, मैं स्वयं ज़मीनी हक़ीकत को जानना चाहता था। जैसे जनता से हमारे पास शिकायतें आती हैं कि जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र या मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में देरी हो रही है, ठीक वैसे ही ड्राइविंग लाइसेंस बनने में आ रही अड़चनों की ख़बरें भी हमारे कानों तक पहुँचती हैं। इसीलिए मैंने स्पष्ट निर्देश दिया था कि लाइसेंस के जितने भी लंबित आवेदन हैं, उनका निष्पादन आज के इस कार्यक्रम तक हर हाल में हो जाना चाहिए। आज मैं देख रहा हूँ कि अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं और काम आगे बढ़ा है।

परिवहन विभाग देखने में भले ही छोटा लगता हो, लेकिन इसका काम और प्रभाव बहुत बड़ा है। मैं चाहता हूँ कि विभाग पूरी मुस्तैदी और ईमानदारी के साथ इस दिशा में काम जारी रखे। आप सभी की उपस्थिति के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। हमारी सरकार की सोच है कि आम जनता को और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। आने वाले समय में हम और भी जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के साथ आपके बीच आएँगे।

Tags - Jharkhand Transport Department Tata Motors Driving License IDTR MoU