द फॉलोअप डेस्क
रांची के बरियातू में हुए सेना जमीन घोटाले मामले में रांची के पूर्व डीसी आईएएस छवि रंजन को कल यानी 21 अप्रैल को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया है। मगर वे कल उपस्थित नहीं होंगे। जानकारी के अनुसार गुरुवार को आईएएस छवि रंजन ने ईडी के समक्ष उपस्थित होने के लिए दो हफ्ते का समय मांगा है। मालूम हो कि डीसी छवि रंजन को 21 अप्रैल तो कोलकाता के एडिशनल रजिस्ट्रार ऑफ एश्योरेंस त्रिदीप मिश्रा को ईडी ने 2 मई को पूछताछ करने के लिए समन किया है।

13 अप्रैल को ईडी ने की थी छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आइएएस अधिकारी छवि रंजन, सीओ, राजस्व कर्मचारी सहित कई जमीन माफियाओं के यहां एक साथ 13 अप्रैल को छापेमारी की थी। गौरतलब है कि छवि रंजन सहित अंचलाधिकारियों पर नियमों का उल्लंघन कर जमीन की खरीद-बिक्री को मंजूरी देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि रांची के बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री मामले में ईडी ने यह कार्रवाई की। बता दें कि रांची में सेना की जमीन की रजिस्ट्री के मामले में रांची जिला प्रशासन की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। दोनों ही जगहों पर जमीन की खरीद करने वाले, रजिस्ट्री करने वाले व्यक्ति, सरकारी पदाधिकारी जिनकी भूमिका रजिस्ट्री म्यूटेशन में है, वह ईडी के रडार पर हैं। सेना जमीन खरीद में फर्जीवाड़ा के मामले में ईडी मनी लाउंडिंग के पहलूओं पर जांच कर रही है। सेना से मिले दस्तावेजों के मुताबिक जमीन की खरीद बिक्री में बड़ी गड़बड़ी की पुष्टि भी हुई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT