द फॉलोअप डेस्क
आर्मी लैंड स्कैम मामले में रांची के पूर्व डीसी IAS छवि रंजन को 21 अप्रैल को ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने समन जारी किया था। इससे एक दिन पूर्व यानी 20 अप्रैल को छवि रंजन की ओर से दो सप्ताह का समय देने की गुजारिश की गई थी। लेकिन ईडी ने इस गुजारिश को ठुकराते हुए दूसरा समन जारी कर 20 अप्रैल को ही दिन के 4.00 बजे हीनू स्थित कार्यालय में पूछताछ के लिए आने कहा। लेकिन मिली जानकारी के अनुसार इसके बाद आईएएस छवि रंजन की ओर से उनके एडवोकेट ने फिर से ईडी को आवेदन दिया है। जिसमें कहा है कि छवि रंजन राज्य से बाहर हैं। ऐसे में अगले सप्ताह की तिथि रखने के लिए आवेदन देने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस पर ईडी ने उनके आवेदन को स्वीकार करते हुए समय दिया है या फिर से ठुकरा दिया है? फिलहाल इस मामले में अभी कोई सूचना सामने नहीं आई है।

13 अप्रैल को ईडी ने की थी छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आइएएस अधिकारी छवि रंजन, सीओ, राजस्व कर्मचारी सहित कई जमीन माफियाओं के यहां एक साथ 13 अप्रैल को छापेमारी की थी। गौरतलब है कि छवि रंजन सहित अंचलाधिकारियों पर नियमों का उल्लंघन कर जमीन की खरीद-बिक्री को मंजूरी देने का आरोप है। बताया जा रहा है कि रांची के बरियातू स्थित सेना के कब्जे वाली 4.55 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री मामले में ईडी ने यह कार्रवाई की। बता दें कि रांची में सेना की जमीन की रजिस्ट्री के मामले में रांची जिला प्रशासन की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। दोनों ही जगहों पर जमीन की खरीद करने वाले, रजिस्ट्री करने वाले व्यक्ति, सरकारी पदाधिकारी जिनकी भूमिका रजिस्ट्री म्यूटेशन में है, वह ईडी के रडार पर हैं। सेना जमीन खरीद में फर्जीवाड़ा के मामले में ईडी मनी लाउंडिंग के पहलूओं पर जांच कर रही है। सेना से मिले दस्तावेजों के मुताबिक जमीन की खरीद बिक्री में बड़ी गड़बड़ी की पुष्टि भी हुई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT