द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने न केवल मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है, बल्कि समाज के माथे पर भी कलंक लगा दिया है। जामताड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पड़ोस में 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर वारदात को अंजाम दिया। इस घटना क बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, यह शर्मनाक घटना शनिवार सुबह की है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी विधान बावड़ी (50 वर्ष), जो बच्ची का पड़ोसी है, उसने मासूम को उस समय अपना शिकार बनाया जब वह घर के पास खेल रही थी। आरोपी ने बच्ची को नीम के पत्ते तोड़ने के बहाने फुसलाकर अपने पास बुलाया और उसके बाद घटना को अंजाम दिया।
.jpeg)
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाई और आरोपी विधान बावड़ी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में महिला थाना में कांड संख्या 01/26 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस घटना के बाद से पूरे शहर में गहरा उबाल देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस उम्र में बच्ची को सुरक्षा और स्नेह मिलना चाहिए था, वहां उसके साथ ऐसी दरिंदगी होना समाज की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के जरिए हो ताकि अपराधी को जल्द से जल्द सख्त सजा मिल सके।