रांची
रांची में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस का मानवीय चेहरा दिखा। आंदोलन कर रहा एक छात्र जो विधानसभा घेराव करने पहुंचा था, वो बारिश में भींग रहा था। इसे देखकर कोतवाली के पुलिस अधिकारी निखिल राय ने अपने छाते में उसे पनाह दी। वहीं, खबर है कि आज विधानसभा घेराव निकले आंदोलनकारी छात्रों का लौटना शुरू हो गया है। खबर है कि वे वापस जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंच रहे हैं। विधानसभा के आसपास का इलाका खाली हो रहा है।

राहुल गांधी ने आंदोलन पर दिया बयान
दूसरी ओर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी फिर जेपीएससी-जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार को लेकर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में उतर गए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा है कि झारखंड में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों के ख़िलाफ़ बल का इस्तेमाल ग़लत है। छात्रों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है और बातचीत से ही समाधान निकल सकता है। झारखंड सरकार को इन छात्रों की बात सुननी चाहिए और हर समस्या का तुरंत समाधान करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने जयपाल सिंह स्टेडियम में अनशन पर बैठे छात्रों से भी बात की थी और उन्हें समर्थन और सहयोग करने का आश्वासन दिया था।