द फॉलोअप डेस्क, रांची:
सीआईडी की एसआईटी ने बुधवार को जेपीएससी भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी के आरोप में 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। एसआईटी ने जमशदेपुर के उलिडीह थानाक्षेत्र अंतर्गत सुंदर नगर निवासी 29 वर्षीय ऋतिक रोशन और रांची के सुखदेवनगर से 32 वर्षीय पंकज प्रसून को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी जेपीएससी भर्ती परीक्षा से जुड़े सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत की गई है।
.jpeg)
सीआईडी ने जानकारी दी है कि इन दोनों को शिवांगन की पाठशाला नाम के कोचिंग संस्थान के संचालक संजीत कुमार द्वारा अनुचित लाभ पहुंचाया गया था। शिवांगन की पाठशाला कोचिंग संस्थान के संचालक संजीत कुमार को मंगलवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। संजीत कुमार पर भर्ती परीक्षाओं में एजेंट की भूमिका निभाने का आरोप है।
14वीं JPSC में गड़बड़ी की शिकायत पर शुरू हुई थी जांच
गौरतलब है कि JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतों की जांच के सिलसिले में सीआईडी के हाथों गिरफ्तारियों की संख्या अब 15 तक पहुंच गई है। कुछ गिरफ्तारियां JSSC-CGL केस में हुई है तो कई गिरफ्तारियां JPSC प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाए जाने की शिकायत पर हुई है। दरअसल, इस पूरे प्रकरण की शुरुआत 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा में ओएमआर शीट से छेड़छाड़ करके कुछ अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाए जाने की शिकायत से शुरू हुई थी।
सरकार ने 14वीं JPSC सिविल सेवा भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। परीक्षाओं की सीबीआई जांच और आयोगों में आमूल-चूल सुधार की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने करीब 1 महीने तक रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन किया था।