द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए HPV टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ सदर अस्पताल परिसर स्थित MCH भवन में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सिमडेगा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं उपस्थित होकर तीन बच्चियों को HPV का टीका लगाया और उन्हें टीकाकरण से संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।
उपायुक्त ने बच्चियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि HPV टीका पूरी तरह सुरक्षित है और यह सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण के प्रति जागरूक करें और बिना किसी भय के उन्हें टीका लगवाएं। उन्होंने बच्चियों को समझाया कि टीका लेने में घबराने की आवश्यकता नहीं है, यह उनके स्वस्थ भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है। टीकाकरण के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बच्चियों को कुछ समय के लिए वेटिंग एरिया में बैठाया गया, जहां उनकी निगरानी की गई और उन्हें हल्का नाश्ता एवं पेय पदार्थ भी उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रही। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष ओलिभर लकड़ा, सिविल सर्जन डॉ. सुन्दर मोहन सामाद, अस्पताल प्रबंधन समिति के सदस्य तथा अन्य अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।
