लातेहार:
लातेहार में बिजली ऑफिस के समीप एक होटल में महिला का शव मिलने से इलाके सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान होटल संचालक रविंद्र यादव की पत्नी संगीता देवी (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उसके पति रविंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामले में उसके पति रविंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

दो दिनों से बंद था होटल, बदबू आने पर हुआ शक
जानकारी के अनुसार, होटल पिछले करीब एक दिन से बंद था। आसपास के लोगों को जब होटल से तेज दुर्गंध आने लगी तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और होटल का दरवाजा खुलवाया। अंदर महिला का शव पड़ा हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि संगीता देवी और उसके पति रविंद्र यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि गुरुवार या शुक्रवार की रात विवाद के दौरान रविंद्र ने नशे की हालत में पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसने होटल बंद कर दिया और वहां से फरार हो गया।
.jpeg)
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद शनिवार शाम करीब 8:30 बजे एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति-पत्नी दोनों शराब का सेवन करते थे और होटल का संचालन करते थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस को आशंका है कि विवाद के दौरान रविंद्र ने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
.jpeg)
पूछताछ में पति ने हत्या की बात स्वीकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस पूछताछ में रविंद्र यादव ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस अभी विस्तृत जांच कर रही है।
.jpeg)
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत की वास्तविक वजह और घटना के संभावित समय को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। होटल के बंद रहने और आरोपी के वहां से चले जाने के कारण घटना की जानकारी तत्काल आसपास के लोगों को नहीं हो सकी। होटल से दुर्गंध आने के बाद मामला सामने आया। घटना के बाद से इलाके में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं और स्थानीय स्तर पर भी सनसनी का माहौल बना हुआ है।