द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना करणपुरा मोड़ के समीप उस समय हुई, जब एक स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घायल की पहचान 45 वर्षीय अलाउद्दीन अंसारी, पिता रहमत अली, निवासी भोजदाह (बेंगाबाद) के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन मधुपुर से गिरिडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान करणपुरा मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
.jpg)
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। वहीं दुर्घटना के बाद भाग रही स्कॉर्पियो को पुलिस ने गिरिडीह कॉलेज मोड़ स्थित पुलिस पिकेट के पास पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर बेंगाबाद थाना लाया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और चालक से पूछताछ जारी है।
.jpeg)