द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य युवक मामूली रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब दस बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी रिद्धि पांडेय के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिद्धि पांडेय का हेसड़ा पंचायत अंतर्गत रोलाडीह गांव में एक फार्म हाउस है। मंगलवार को वह अपने तीन दोस्तों—राज आर्यन, राजपाल और आर्यन सिंह—के साथ किया साइरस कार (जेएच-05 ईए-6677) से फार्म हाउस गया था।.jpeg)
वापसी के दौरान कोवाली थाना के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित 11 हजार वोल्ट के लोहे के बिजली पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक रिद्धि पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन युवक को हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।