logo

ब्रेकिंग : देवघर में पिकअप वैन और स्कूली मैजिक में भीषण टक्कर, एक छात्रा की मौत, 4 गंभीर

WhatsApp_Image_2026-09-01_at_4_36_51_PM.jpeg

देवघर:
देवघर जिला अंतर्गत सारठ-चितरा मुख्य मार्ग पर मांझलीबाद गांव के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरी एक मैजिक गाड़ी और सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में एक स्कूली बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मैजिक में सवार थे करीब 15 स्कूली बच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त मैजिक गाड़ी में करीब 15 बच्चे सवार थे। सभी बच्चे नारंगी मोड़ स्थित अपने स्कूल जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी मांझलीबाद गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही एक पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायल बच्चों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से इलाज के लिए निकटतम अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्ची की पहचान चितरा थाना क्षेत्र के खमार गांव निवासी मुन्नी कुमारी के रूप में हुई है।

चार बच्चों की हालत गंभीर, देवघर रेफर
इस हादसे में घायल चार अन्य बच्चों की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते ग्रामीण और परिजन अस्पताल तथा दुर्घटनास्थल पर जुटने लगे। इससे कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर आवागमन भी बाधित रहा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

Tags - Deoghar News Road Accident School Children Jharkhand News Sarath Chitra Road