logo

चोर को पकड़ने रेलवे लाइन पर दौड़ गया होमगार्ड, उसके बाद हुआ ये हादसा...

jamtara4.jpeg

जामताड़ा

जामताड़ा जिले में कोयला चोर को पकड़ने के लिए एक होमगार्ड जवान रेलवे लाइन पर दौड़ गया। ठीक इसी समय बाघ एक्सप्रेस आ गयी और होमगार्ड इसकी चपेट में आ गया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। मृतक होमगार्ड का नाम उदित सिंह है। उदित सिंह चितरा ईसीएल की जामताड़ा रेलवे साइडिंग में ड्यूटी पर था। मिली खबर के मुताबिक ये हादसा आज रविवार को सुबह पांच हुआ है। उदित सिंह बिंदापाथर के खुंटाबांध का निवासी था। मौत के बाद उसके परिजनों में मातम का माहौल है। जामताड़ा पुलिस ने जवान का शव क्षत-विक्षत हालत में रेलवे ट्रैक के पास से बरामद किया है।

इस तरह हुआ हादसा  
घटना के संबंध में बताया जाता है कि होमगार्ड उदित सिंह बीते एक महीने से नाइट ड्यूटी कर रहा था। रेलवे साइडिंग से कोयला रैक में लोड होने तक उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी होमगार्ड की होती है। इसी के तहत होमगार्ड के जवान को ड्यूटी पर लगाया गया था। बताया जाता है कि इसी दौरान कोयला चोरी करने पहुंचे कई लोगों को जवान ने अकेले ही खदेड़ा। उनका पीछा करते हुए वो रेलवे ट्रैक पर दौड़ पड़ा। इसी बीच ट्रैक पर बाघ एक्सप्रेस आ गयी औऱ जवान ट्रेन की चपेट में आ गया। 

मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग 
घटना के बाद मृतक होमगार्ड के घर में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार में उदित सिंह एकमात्र कमाने वाला था। होमगार्ड जवान के साथी मृतक उदित सिंह के परिजनों के लिए मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। जवानों का कहना है कि इतने बड़े रेलवे साइडिंग में होमगार्ड जवानों को सुरक्षा के लिए लगाया गया है। लेकिन उनको कोई सुविधा नहीं दी गयी है। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में कोयला चोर रेलवे साइडिंग में कोयला चोरी करने पहुंचते हैं। घटना के दिन होमगार्ड जवान को रात में ड्यूटी में लगाया गया था। सुबह कोयला चोरी करने पहुंचे कोयला चोरों को खदेड़ने के समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गयी।

 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N