logo

हॉकी की चैंपियन बेटियों की घर वापसी पर हॉकी सिमडेगा ने किया भव्य स्वागत, इन तीन खिलाड़ियों का हुआ था चयन

कदसवाुग.jpg

अमन मिश्रा, सिमडेगाः

2 जून से 11जून 2023 तक जापान के काकामिगहारा में आयोजित  महिला जूनियर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम  पहली बार चैम्पियन बनी। इस टीम में सिमडेगा जिला की तीन खिलाड़ी दीपिका सोरेंग, महिमा टेटे और रोपनी कुमारी भी शामिल थीं। इन तीनों ने शानदार प्रदर्शन किया और एशिया कप में चैंपियन होने के बाद आज पहली बार अपने  गृह जिला पहुंची। सिमडेगा आगमन होते ही हॉकी सिमडेगा के नेतृत्व में हॉकी  खिलाड़ियों ने उनका शानदार स्वागत किया। तीनों आज बैंगलोर से  राउरकेला  होते हुए बस से सिमडेगा पहुंचीं। उनके स्वागत में खड़े हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों एवं हॉकी खिलाड़ियों ने बस से उतरते उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। उन्हें सुबह 5:00 बजे सिमडेगा पहुंचना था लेकिन ट्रेन लेट होने के कारण वे देर से पहुंचीं लेकिन उनके स्वागत में दर्जनों हॉकी खिलाड़ी सुबह 5:00 बजे से ही बस स्टैंड में उनका इंतजार कर रहे थे। तीनों खिलाड़ियों ने सभी बच्चों को धन्यवाद दिया और अपने खेल के अनुभव को उनके साथ शेयर किया। छोटे-छोटे बच्चों ने उनसे बात की।


हमें और मेहनत करने की जरूरत
हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष  मनोज कोनबेगी  ने कहा कि यह जिले के लिए बहुत ही बहुत बड़ी उपलब्धि है। चैंपियन भारतीय टीम में  पूरे भारतवर्ष से 18 खिलाड़ी थे जिसमें हमारे सिमडेगा जिला के तीन खिलाड़ी थे। 2016 में भी जूनियर एशिया महिला हॉकी कप में कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम में सिमडेगा के तीन खिलाड़ी थे। जब-जब भी भारतीय टीम में  सिमडेगा की खिलाड़ी की संख्या ज्यादा  रही है। तब तब कोई ना कोई पदक टीम जीती है। अब हमे और अधिक मेहनत करने के जरूरत है। ताकि भविष्य में हमारे जिला के  खिलाड़ी भारतीय टीम में ज्यादा से ज्यादा आएं और ओलंपिक जैसे मैच में भी  भारत के लिए पदक जीत सके। उनके स्वागत समारोह में हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी,कोषध्यक्ष कमलेश्वर मांझी,प्रतिमा तिर्की,राष्ट्रीय एम्पायर मनोज प्रधान,राजू मांझी,रामचंद्र मांझी,सहित तीनो खिलाड़ियों के अभिभावक तथा हॉकी सिमडेगा संचालित हॉकी छात्रावास,हॉकी सेंटर,गोंडवाना खेल छात्रावास के काफी संख्या हॉकी खिलाड़ी उपस्थित थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N