logo

हॉकी झारखंड की नई कार्यकारिणी का गठन, सिमडेगा के मनोज कोनबेगी निर्विरोध महासचिव चुने गए

HOCKEY_jh.jpg

सिमडेगा 

हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा में वर्ष 2026-2030 के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया। इसमें सिमडेगा के वरिष्ठ खेल प्रशासक एवं हॉकी सिमडेगा से जुड़े मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी) को हॉकी झारखंड का महासचिव निर्वाचित किया गया। उनके चयन से जिले के खेल प्रेमियों और हॉकी खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित आमसभा में वर्ष 2026-2030 के लिए भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने गए, जबकि महासचिव पद की जिम्मेदारी मनोज कोनबेगी को सौंपी गई।

सिमडेगा में हॉकी के विकास के लिए सक्रिय 

चुनाव अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र ने सभी 11 पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। बैठक में हॉकी झारखंड की वार्षिक रिपोर्ट, वित्तीय प्रतिवेदन तथा आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर चर्चा के साथ सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। साथ ही हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य के 20 जिलों को 65-65 हजार रुपये मूल्य के खेल किट भी वितरित किए गए। मनोज कोनबेगी लंबे समय से सिमडेगा में हॉकी के विकास के लिए सक्रिय रहे हैं। उनके नेतृत्व में जिले के अनेक खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके महासचिव बनने से झारखंड के साथ-साथ सिमडेगा की हॉकी को भी नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

Tags - Hockey Jharkhand New Executive Committee Hockey Development