logo

राजस्थान से DD बार संचालक नीरज सिंह गिरफ्तार, 9 आरोपी अब तक गिरफ्त में

ुदतो31.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के चर्चित करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। जांच टीम ने राजस्थान में कार्रवाई करते हुए डीडी बार संचालक और भाजपा से जुड़े व्यवसायी नीरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। नीरज सिंह अपने बेटे आदित्य के साथ खाटूश्याम मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस की टीम पहले से ही सादे कपड़ों में मंदिर परिसर में मौजूद थी और उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। मंदिर से निकलने के बाद टीम ने उनका पीछा किया और करीब दो किलोमीटर दूर उनकी कार को घेरकर हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद उनकी पत्नी संध्या सिंह तत्काल राजस्थान के लिए रवाना हो गईं।

ओडिशा से मैनेजर समेत चार और गिरफ्तार
एसआईटी ने इस मामले में डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। वहीं, अमित लोहार और उसके मामा लखिंदर को भी दबोच लिया गया है। इन नई गिरफ्तारियों के बाद हिमांशु सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। हालांकि, पुलिस के लिए अब भी मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गिरफ्तारी के बाद अग्रिम जमानत याचिका हुई निष्प्रभावी
नीरज सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनकी अग्रिम जमानत याचिका स्वतः अप्रासंगिक हो गई है। इस याचिका पर सोमवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन गिरफ्तारी के कारण अब इस पर सुनवाई नहीं होगी। कानूनी जानकारों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पहले अग्रिम जमानत याचिका वापस लेनी होती है, जिसके बाद नियमित जमानत के लिए अदालत में आवेदन किया जाता है। दूसरी ओर, उनकी पत्नी संध्या सिंह की ओर से दायर दो याचिकाएं अभी भी अदालत में लंबित हैं। इनमें पुलिस द्वारा जब्त की गई दो गाड़ियों को रिलीज करने और बिना सर्च वारंट घर पर छापेमारी किए जाने के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

Tags - Himanshu Singh Neeraj Singh Jamshedpur SIT Jharkhand Crime