logo

करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड पर बोले बाबूलाल, बोले- इस क्षति की भरपाई कभी संभव नहीं

पदसो1.jpg

रांची 

जमशेदपुर में पुलिस की मौजूदगी के दौरान करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की चाकू मारकर हत्या मामले में आज नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उनके परिवार के लिए इस क्षति की भरपाई कभी संभव नहीं होगी। मरांडी ने कहा, यह खबर बेहद दुखद और झकझोर देने वाली है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। एक परिवार ने अपना बेटा हमेशा के लिए खो दिया, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। पिछले वर्ष करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


पुलिस को निशाने पर लिया 

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा, पुलिस से अपेक्षा होती है कि वह कानून का निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पालन कराए तथा संकट की घड़ी में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। यदि पुलिस की मौजूदगी में ही ऐसी घटना घटती है, तो इसकी निष्पक्ष और गहन जांच होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री जी, आग्रह है कि इस जघन्य हत्या की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका, उनकी प्रतिक्रिया तथा संभावित लापरवाही की भी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता का कानून पर विश्वास बना रहे।


पुलिस ने क्या एक्शन लिया 
बता दें कि शनिवार को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन पब एंड बार में हुए विवाद और उसके बाहर हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु सिंह की मौत हो गई।  हिमांशु सिंह को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बार को सील कर दिया है। घटना के बाद लगातार बढ़ते जनाक्रोश और कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों के बीच प्रशासन ने यह कदम उठाया है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है।


 

Tags - Karni Sena Himanshu Singh Babulal Marandi Jharkhand Politics Murder Case