logo

हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार आरोपी राहुल दुबे ने फिल्मी अंदाज में किया सरेंडर

ैदू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे वांछित आरोपी राहुल दुबे ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। सरेंडर के तुरंत बाद का उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह दोनों हाथ उठाकर फिल्मी अंदाज में आत्मसमर्पण करता नजर आ रहा है। पुलिस के अनुसार, हत्या वाले दिन राहुल दुबे अपने साथियों के साथ डीडी बार में मौजूद था। इस बहुचर्चित मामले में अब तक एक दर्जन से अधिक आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


डीडी बार मालिक और मुख्य आरोपी की रिमांड की तैयारी
मामले की गहन जांच के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस डीडी बार के मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह तथा मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से हत्या की साजिश, घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।


सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज
पुलिस को संदेह है कि डीडी बार में होने वाले अधिकांश विवादों का निपटारा राहुल दुबे के माध्यम से किया जाता था। इसी पहलू को जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। घटनास्थल और बार परिसर के सीसीटीवी फुटेज में कई संदिग्ध चेहरे सामने आए हैं, जिनकी पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले की परत-दर-परत जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि आने वाले दिनों में इस बहुचर्चित हत्याकांड से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Tags - Jamshedpur Himanshu Singh Murder Rahul Dubey Crime Jharkhand