logo

हिमांशु सिंह हत्याकांड में एक्शन : भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 12 गिरफ्तार; मुख्य आरोपी ने किया सरेंडर

a706.jpg

जमशेदपुर

चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को सफलता दर सफलता मिल रही है। मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें भाजपा नेता और डीडी बार के मालिक नीरज सिंह समेत 8 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल ने अदालत में आज ही सरेंडर कर दिया। वहीं, इस वारदात में शामिल 4 नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि विशेष जांच दल (SIT) तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर गठित एसआईटी ने लगातार छापेमारी करते हुए डीडी बार के मालिक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले के खाटू श्याम से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर उसे जमशेदपुर लाया गया। इसके अलावा मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू और राजेश मंडल को ओडिशा के रायरंगपुर से गिरफ्तार किया गया।

इस तरह पुलिस को मिल रही सफलता 
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की जांच तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। विश्वनाथ मंडल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वहीं, एसआईटी की टीमें उसकी तलाश में झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत कई राज्यों में भी लगातार छापेमारी कर रही थीं। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उसके परिवार के कई सदस्यों से भी पूछताछ की थी, ताकि उसकी जानकारी मिल सके। इसके बावजूद वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।

विश्वनाथ उर्फ बोदरा को रिमांड पर लेगी पुलिस
पुलिस के अनुसार, अब विश्वनाथ मंडल को रिमांड पर लेने के लिए अदालत में आवेदन दिया जायेगा। रिमांड मिलने के बाद उससे हत्या की साजिश, घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ की जायेगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि 27 जून की रात आखिरकार डीडी बार के बाहर हुई हत्या में उसकी क्या भूमिका थी और उसे घटनास्थल पर किसने बुलाया था।

27 जून को हुई थी हिमांशु सिंह की हत्या
27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। जांच के दौरान कई आरोपियों की पहचान हुई और लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 10 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 4 नाबालिग आरोपी भी शामिल हैं, जिसमें 5 आरोपियों को जेल, जबकि 4 नाबालिगों को रिमांड होम भेज दिया गया है।  

इस मामले में डीडी बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस ने राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्यामजी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाने के बाद उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। वहीं डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

 

एसआईटी की दबिश के बाद कोर्ट पहुंचा आरोपी
बताया जा रहा है कि पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश के बाद विश्वनाथ मंडल ने आत्मसमर्पण का रास्ता चुना। अदालत पहुंचने के दौरान उसने अपना हूलिया पूरी तरह बदल रखा था, जिससे उसकी पहचान आसानी से नहीं हो सकी। वह सीधे सीजेएम कोर्ट पहुंचा और कानूनी प्रक्रिया के तहत सरेंडर कर दिया। अब पुलिस की पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश, हमलावरों की भूमिका, हथियार उपलब्ध कराने और छुपाने वाले लोगों और घटना के पीछे की वजहों से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना जतायी जा रही है।


 

Tags - HimanshuSingh Jamshedpur NeerajSingh MurderCase JharkhandPolice