जमशेदपुर:
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थानाक्षेत्र स्थित डबल डाउन (DD) पब एंड बार के बाहर शनिवार की रात हुई चाकूबाजी की घटना में घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गयी है। हिमांशु का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल के क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में चल रहा था, जहां सोमवार की शाम उसने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे घायल प्रत्यूष का इलाज जारी है।

मामला अब हत्या में तब्दील हो चुका है
हिमांशु की मौत के बाद यह मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता एवं बार मालिक नीरज सिंह समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नामजद आरोपियों में डबल डाउन बार के सह-मालिक विजय कुमार, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थानाक्षेत्र के धतकीडीह गांव निवासी सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल, विश्वनाथ मंडल, राहुल, राज लोहार, अमित लोहार, अर्जुन लोहार, गणेश लोहार तथा जमशेदपुर के घाघीडीह इलाके के लखन मार्डी शामिल हैं।
पुलिस ने घटना के बाद सोनू राम सरदार और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।

क्षत्रिय संघ और करणी सेना आक्रोशित हैं
दूसरी ओर घटना के बाद शहर में क्षत्रिय संघ और करणी सेना के पदाधिकारी आक्रोशित हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। वहीं, सोमवार शाम टीएमएच में इलाज के दौरान हिमांशु की मौत के बाद मामला और भी ज्यादा तूल पकड़ चुका है। हिमांशु की मौत की सूचना पर उसके परिजन और दोस्तों के साथ ही क्षत्रिय संघ और करणी सेना के लोगों का जमावड़ा टीएमएच अस्पताल में लगा है, जहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ लोग नारेबाजी करते हुए आक्रोस दिखा रहे है। साथ ही आक्रोशित लोग बिष्टुपुर गोलचक्कर घेराव की भी तैयारी में है। इधर, तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बल की तैनाती भी की गयी है।

शनिवार की शाम को शुरू हो गया था विवाद
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम बार के अंदर और बाहर विवाद शुरू हुआ था, जो देर रात तक खूनी झड़प में बदल गया। बिष्टुपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, झगड़े की शुरुआत शाम करीब 6 बजे करीब हुई थी और देर रात तक स्थिति बिगड़ती चली गयी। आरोप है कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, इसी दौरान कुछ युवकों ने पीसीआर वैन से 2 युवकों हिमांशु और प्रत्यूष को बाहर खींचकर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।