द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर का नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। फर्क बस इतना था कि कैमरे के पीछे कोई डायरेक्टर नहीं था, कैमरे के सामने जिंदगी और मौत के बीच झूलती एक प्रेमिका थी। इस सीन की हीरोइन पोल पर चढ़ी थी और हीरो सेट से गायब था।
दरअसल, बॉयफ्रेंड से नाराज युवती ने सीधे हाईटेंशन टावर को अपना इश्क़ का मंच बना लिया था। फिर क्या था, ऊपर हजारों वोल्ट की तारें थी और नीचे उमड़ी सैकड़ों आंखें पोल पर चढ़ी युवती के नीचे उतर आने की राह देख रही थी। इस दौरान पूरे दो घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मौके पर जब मौजूद भीड़ ने युवती से नीचे उतरने की सिफारिश की, तब युवती बार-बार चीख़ती रही, जब तक मेरा प्रेमी सामने आकर मुझे स्वीकार नहीं करेगा, मैं नीचे नहीं उतरूंगी।
.jpeg)
इस दौरान स्थानीय लोग घंटों युवती जो समझाते रहे, पुलिस माइकिंग करती रही कि बिटिया, सब समस्या का समाधान होगा, तुम्हारी हर मांगे सुनी जायेंगी। लेकिन, प्रेमिका का दिल तो सिर्फ उसे सुनना चाहता था, जो उसे धोखा दे चुका था। इस बीच दो स्थानीय दो युवक अपनी जान पर खेलकर ऊपर हाइटेंशन पोल पर चढ़ गये। पुलिस और टाटा स्टील की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची, और आखिरकार युवती को दो घंटे बाद नीचे उतार लिया गया। इधर, युवती नीचे आते ही बेहोश हो गयी। इस दौरान मरीन ड्राइव का इलाका घंटों तमाशा-ए-इश्क़ में बदल गया। एक तरफ प्रशासन माइक से अपीलें करती रही। वहीं दूसरी ओर लोग युवती के सुरक्षित नीचे उतरने की कामना करने के साथ-साथ मोबाइल कैमरे में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया का कंटेंट बटोरते रहे।
