logo

गढ़वा में इस स्थान पर बनेगा 6 करोड़ की लागत से उच्च स्तरीय पुल, मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने की घोषणा 

mthakur06.jpg

गढ़वा
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के मधेया पंचायत में अंजान शहीद के समीप दानरो नदी पर 6 करोड़ की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण कार्य विभाग झारखंड सरकार ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री ग्राम सेतू योजना के तहत इसका निर्माण किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुल निर्माण की स्वीकृति झारखंड सरकार ने प्रदान कर दी है। जल्द ही निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि दानरो नदी पर लगभग 152.16 मीटर लंबी पुल का निर्माण किया जाएगा। यह मधेया-भरठिया रोड को जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से मधेया, भरठिया, महुपी, सोनपुरवा, उमरा टिकर, उड़सुगी आदि गांव की करीब 10 हजार से अधिक आबादी को इसका लाभ मिलेगा। 


मंत्री ने आगे कहा कहा कि काफी लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण उक्त स्थल पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। इस पुल के निर्माण से इस क्षेत्र के ग्रामीणों को गढ़वा एवं शाहपुर रोड में जाने के लिए दूरी काफी कम हो जाएगी। कहा कि आज गढ़वा में चप्पे-चप्पे पर छोटी से बड़ी विकास योजनाएं चलायी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज से साढ़े चार साल पूर्व तक गढ़वा में मूलभूत सुविधाओ का घोर अभाव था। परंतु पिछले साढ़े चार साल में काफी विषम परिस्थितियों के बावजूद गढ़वा पूरी तरह से विकसित क्षेत्र बन चुका है। 


मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग घूम घूमकर गढ़वा में हो रहे विकास कार्यां में कमियां ढूंढ रहे हैं। इस चुनाव में अपना सुर, ताल एवं राग बदल कर पूरे क्षेत्र में अलाप करते चल रहे हैं। उन्हें अपने कार्यकाल में दो-चार उपलब्धियों को जनता के बीच बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि झूठ के दम पर चुनावी नैया पार करने वाले लोग जनता को बेवकूफ बनाना बंद करें। ऐसे लोगों को जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है। पूर्व के लोगों ने अपनी कमियों को छुपाने के लिए दूसरे पर गलत आरोप लगाने की अब नई शुरूआत की है। लोग हर बार पैंतरा बदलकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं। परंतु गढ़वा की जनता इस बार पैंतराबाजों को सबक सिखलाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। 


 

Tags - Mithilesh ThakurpoolJharkhand News