द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सड़क किनारे ठेला, गुमटी और अन्य स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका चलाने वाले वेंडर्स को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास तथा पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत के अनुसार हर वार्ड में वेंडर मार्केट विकसित किया जाए। इससे सड़क किनारे लगने वाले अनियोजित बाजार और दुकानों से होने वाले जाम को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर को व्यवस्थित करने के नाम पर वेंडर्स की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने शहरों की बढ़ती आबादी और विस्तार को देखते हुए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास केवल रांची तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित और आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए। शहरों को जोनवार विभाजित कर विकास की योजना बनाने को कहा गया। वहीं, सड़क निर्माण की मूल परियोजना और डिजाइन में ही ड्रेनेज व्यवस्था को अनिवार्य रूप से शामिल करने का निर्देश दिया। सड़कों के दोनों किनारों पर जल निकासी और पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त जगह का प्रावधान करने के साथ जलजमाव वाले क्षेत्रों में प्रभावी ड्रेनेज नेटवर्क विकसित करने को कहा गया।

केबल तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने शहर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लटक रहे बिजली, टेलीकॉम और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने को कहा। खंभों और पेड़ों पर लटक रहे अनावश्यक एवं अनुपयोगी तारों को चिह्नित कर हटाने का निर्देश दिया गया। नए केबल बिछाने के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करने और बार-बार सड़क की खुदाई से बचने के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने पर भी जोर दिया गया। पहले से बनी सड़कों पर जलजमाव की समस्या वाले स्थानों का तकनीकी अध्ययन कर ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया गया।

ट्रैफिक और सार्वजनिक परिवहन पर भी फोकस
रांची की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए मुख्यमंत्री ने सड़कों के बीच बने अनावश्यक कटों को चिह्नित कर बंद करने और निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था करने को कहा। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बसों के रूट और समय-सारिणी का डेटा तैयार करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास अब केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा। इसके लिए दीर्घकालिक रोडमैप तैयार होगा, जिसमें ड्रेनेज, यातायात, वेंडिंग, सार्वजनिक परिवहन, पार्क, हरित क्षेत्र और नागरिक सुविधाओं को शामिल किया जाएगा। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के साथ ही वेंडर्स के लिए जरूरत के अनुसार हर वार्ड में वेंडर मार्केट विकसित किए जाएंगे।