द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित लुकैयाटांड में मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। सोना सोबरन मेमोरियल स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में झामुमो के नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम लोगों की मौजूदगी रही। श्रद्धांजलि सभा में करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, झारखंड आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि और सोरेन परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।

झारखंड आंदोलन में योगदान को किया याद
प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्रिमंडल के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और झारखंड आंदोलनकारियों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने झारखंड आंदोलन में उनके संघर्ष, नेतृत्व और राज्य निर्माण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए उनके योगदान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

प्रशासन ने की थी व्यापक तैयारियां
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए थे। लुकैयाटांड, शिबू सोरेन का पैतृक गांव है और झारखंड आंदोलन की उनकी लंबी राजनीतिक यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। प्रतिमा स्थापना को उनके संघर्ष और विरासत को सम्मान देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।