द फॉलोअप/रांची
आज देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज सुबह 9 बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्य समारोह के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परेड की कमान फर्स्ट इन कमांड के रूप में 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेंद्र शर्मा और सेकेंड इन कमांड के रूप में अनिश मोमित कुजूर संभालेंगे। समारोह में शामिल होने वाले सभी लोगों की सघन सुरक्षा जांच की जाएगी, ताकि कोई भी अवांछित व्यक्ति आपत्तिजनक सामग्री के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश न कर सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन उड़ाने पर रहेगा प्रतिबंध
समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर निजी ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। केवल प्रशासन की ओर से अधिकृत ड्रोन के माध्यम से रिकॉर्डिंग की जाएगी। इसके अलावा सलामी मंच, ध्वनि व्यवस्था, पार्किंग, अग्निशमन, बैरिकेडिंग, पंडाल, चिकित्सा सुविधा, बिजली, जनरेटर, पेयजल और शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। शुक्रवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने मोरहाबादी मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, मुख्यमंत्री सुबह 9:40 बजे शहीद चौक स्थित शहीद स्थल पर भी ध्वजारोहण करेंगे।कहा कहा ध्वजारोहन किया जाएगा देखें नीचे 