द फॉलोअप डेस्क
जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े विवादों को लेकर छात्रों के जारी आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा बयान सामने आया है। नेमरा में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरे प्रकरण पर पूरी सतर्कता और पैनी नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा, "सरकार की आंख भी है, नाक भी है और हाथ भी है।" यानी सरकार हर पहलू पर नजर रखते हुए राज्यहित में काम कर रही है।

छात्रों की मांगों पर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों के आंदोलन और उनकी मांगों को सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की मांगों और उनकी जिज्ञासाओं को ध्यान में रखते हुए उचित समय पर ठोस निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य के छात्र और युवा सरकार की साफ नीयत और मंशा पर विश्वास बनाए रखेंगे। हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि राज्य में सभी स्तरों पर प्रशासनिक गतिविधियां जारी हैं और जांच एजेंसियां पूरी सक्रियता के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता हुई होगी, उसकी निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और सभी तथ्य सामने आने के बाद सरकार अपना निर्णय सार्वजनिक करेगी।

CID की कार्रवाई जारी, आंदोलन भी जारी
गौरतलब है कि जेपीएससी परीक्षा में कथित धांधली की जांच सीआईडी कर रही है। इस मामले में अब तक जेपीएससी के एक अधिकारी समेत 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं दूसरी ओर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनकारी परीक्षा में कथित धांधली की सीबीआई जांच, भर्ती प्रक्रिया में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।