logo

सीएम हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय सुदिव्य सोनू की अर्थी को दिया कंधा, कुछ देर में होगा अंतिम संस्कार

सीएम हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय सुदिव्य सोनू की अर्थी को दिया कंधा, कुछ देर में होगा अंतिम संस्कार

गिरिडीह
स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू की अर्थी को गिरिडीह के हरसिंहरायडीह श्मशान घाट ले जाया गया है। साथ ही जवानों की ओर से उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुछ ही देर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा के दौरान स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू की अर्थी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित झारखंड के तमाम दिग्गज नेताओं, अधिकारियों और आमजनों ने कंधा दिया। बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। इससे पहले सीएम सोरेन ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य सोनू का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री एवं युवा नेतृत्व को खो दिया है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य सोनू के योगदान और सेवाओं का सदैव स्मरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।


झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्राथमिक सदस्य के रूप में शुरू किया था सफर 

बता दें कि हेमंत सोरेन कैबिनेट में मंत्री और गिरिडीह सदर के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का निधन 6 सितंबर 2026 की सुबह हो गया। उनके निधन के साथ झारखंड की राजनीति में एक ऐसी राजनीतिक यात्रा का अंत हुआ, जिसकी शुरुआत करीब 37 वर्ष पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक प्राथमिक सदस्य के रूप में हुई थी। उनका जीवन कभी सामान्य नहीं रहा। खासकर राजनीतिक जीवन। झामुमो में शामिल होने के बाद उन्होंने संगठन में काम किया, गिरिडीह नगर इकाई की जिम्मेदारी संभाली, विधानसभा चुनाव लड़े और लगातार दो बार हार का सामना किया। इसके बाद 2019 में पहली बार विधायक बने और 2024 में लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने के बाद झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। वहीं, सीएम हेमंत सोरेन के लिए ये अलग से दुखद इसलिए है कि सुदिव्य सोनू, उनके साथ चलने वाले, पांचवें ऐसे नेता थे, जिनका जनता के बीच सीधा प्रभाव और पहुंच था और जो अब हमारे बीच नहीं हैं। इस कड़ी में दिवंगत हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, राजेंद्र सिंह, रामदास सोरेन को याद किया जा सकता है।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - Hemant Soren Sudivya Sonu Giridih Funeral Procession Jharkhand