logo

गणतंत्र दिवस : लंदन में अंबेडकर के निवास पर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, कहा– भावुक और गर्व का क्षण

CM011111.jpg

लंदन 
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों यूके के लंदन दौरे पर हैं। दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 में भाग लेने के बाद सीएम सोरेन लंदन पहुंचे, जहां 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के लंदन स्थित निवास स्थान का दौरा किया। इस अवसर को उन्होंने अपने जीवन का एक अत्यंत भावुक और गर्वपूर्ण क्षण बताया।

सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर को नमन करते हुए वे उनके दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत लोकतंत्र की नींव रखने के लिए कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के समावेशी, सशक्त और समानतामूलक समाज के विचार उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।


मुख्यमंत्री ने अपने दूसरे संदेश में कहा कि भारत का संविधान सिर्फ एक किताब नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के अस्तित्व, अधिकार और स्वाभिमान की आवाज है। यह शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों को सम्मान के साथ जीवन जीने, समान अवसर और न्याय दिलाने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, समता, समानता और भाईचारे के मूल्य ही भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं।


हेमंत सोरेन ने कहा कि यही संवैधानिक मूल्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन मूल्यों के साथ 25 वर्ष के युवा झारखंड को सभी मिलकर प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम करेंगे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश और राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए ‘जय संविधान’ और ‘जय भीम’ का संदेश दिया और लोकतंत्र के महापर्व को सामाजिक न्याय और समानता के संकल्प के साथ मनाने का आह्वान किया।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest