logo

मां देउड़ी मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन-कल्पना सोरेन, झारखंड की सुख-समृद्धि की कामना की

्ानग.png

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची जिले के तमाड़ स्थित प्राचीन माँ देउड़ी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने माँ देउड़ी के चरणों में मत्था टेककर झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजन कार्य धार्मिक पुरोहित मनोज पंडा एवं मुख्य पाहन सुखराम जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर लोग काफी उत्साहित नजर आए।


आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत हमारी पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध माँ देउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां आने मात्र से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। मुख्यमंत्री ने राज्य की सुख-शांति, विकास और जनकल्याण के लिए माता से प्रार्थना की।


धार्मिक स्थलों से रहा है विशेष लगाव
हेमंत सोरेन की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में गहरी आस्था रही है। व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बावजूद जब भी उन्हें अवसर मिलता है, वे राज्य और देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। झारखंड के रजरप्पा स्थित माँ छिन्नमस्तिका मंदिर, तमाड़ के माँ देउड़ी मंदिर और देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। हाल ही में वे देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक कामाख्या मंदिर भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की थी।

Tags - HemantSoren DeoriTemple Ranchi Jharkhand Religion