ज्यूरिख/दावोस
स्विट्जरलैंड में भारत के राजदूत मृदुल कुमार ने ज्यूरिख में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) 2026 से जुड़े कार्यक्रमों, बैठकों और रणनीतिक अवसरों की विस्तार से जानकारी दी गई। यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के बाद पहली बार राज्य का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल दावोस में WEF की वार्षिक बैठक में भाग ले रहा है।
दावोस में झारखंड की भागीदारी ‘प्रकृति के साथ सामंजस्य में विकास’ की थीम पर आधारित है, जो WEF के सतत विकास, भरोसे के निर्माण और दीर्घकालिक आर्थिक परिवर्तन के लक्ष्यों से सीधा मेल खाती है। इस मंच पर झारखंड अपनी नीतियों, संसाधनों और निवेश-अनुकूल वातावरण को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेगा।

भारतीय राजदूत ने बताया कि खनिज-संपन्न झारखंड में माइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग, इन्फ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश अवसर मौजूद हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल इन क्षेत्रों में साझेदारी, तकनीक और पूंजी निवेश को आकर्षित करने पर फोकस करेगा।
यह दौरा झारखंड के लिए वैश्विक मंच पर अपनी आर्थिक क्षमता, हरित विकास और दीर्घकालिक विज़न को मजबूती से रखने का अवसर माना जा रहा है।
