रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Chief Minister Hemant Soren) एवं उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन (Kalpana Soren) आज स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पर पहुंचे और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की स्वर्गीय पुत्री तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम (Dwadasha Ceremony) एवं ब्रह्मभोज में शामिल हुए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि (Tribute) दी। मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। बता दें कि दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का गत माह, 24 सितंबर को सड़क हादसे (Road Accident) में निधन हो गया था। उनकी कार ने हाइवे (Highway) पर खड़े ट्रक को पीछे टक्कर मार दी थी। ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्घटनाग्रस्त कार को गैस कटर (Gas Cutter) से काटकर मृतकों के शव बाहर निकाले गये थे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हुए शोकाकुल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर दुख जताते हुए 24 सितंबर को अपने ऑफिशियल X पर लिखा कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
