logo

मोरहाबादी में श्री कृष्ण जन्मोत्सव और दही हांडी प्रतियोगिता में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

CMH004.jpg

रांची 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रांची स्थित मोरहाबादी मैदान में श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति, रांची द्वारा आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समस्त राज्य वासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाली की कामना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज यहां हम सभी लोग श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। मैं स्वयं लगातार इन कार्यक्रमों में आपके साथ रहा हूं। आज के अवसर पर यहां उपस्थित श्रद्धालुओं की भीड़ ने इस पावन बेला को और ज्यादा उत्साहपूर्ण बनाया है। इस कार्यक्रम में कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। मैं अपनी ओर से यहां उपस्थित सभी भक्तजनों एवं प्रतिभागियों को श्री कृष्ण जन्मोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।

श्री कृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का मैसेज 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन और उनके उपदेश मानवता को सत्य, धर्म, प्रेम, करुणा एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। जन्माष्टमी का पर्व हमें भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान श्री कृष्ण की कृपा और आशीर्वाद से झारखंड प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा राज्य निरंतर विकास एवं उन्नति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। मौके पर मुख्यमंत्री ने श्री कृष्ण जन्मोत्सव में सम्मिलित प्रतिभागियों को सम्मानित तथा दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक सुरेश कुमार बैठा, झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, श्री कृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति के संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।

 

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - Hemant Soren Krishna Janmashtami Dahi Handi Morabadi Ranchi Jharkhand CM