द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार, 8 अगस्त को जमशेदपुर के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा करीब डेढ़ घंटे का होगा। मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से सोनारी हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से सीधे उलियान के लिए रवाना होंगे। उलियान में वे शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आमसभा को भी संबोधित करेंगे। दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

DC-SSP ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जमशेदपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले के DC और SSP तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के कारकेड रूट और प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर वापसी तक पूरे कार्यक्रम के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

जानिए CM हेमंत सोरेन का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से सोनारी हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके करीब पांच मिनट बाद 1:05 बजे सड़क मार्ग से उलियान के लिए रवाना होंगे और 1:10 बजे शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल पहुंचेंगे। यहां प्रतिमा पर माल्यार्पण और समाधि पर श्रद्धांजलि देने के बाद आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2 बजे उलियान से परिसदन के लिए रवाना होंगे और करीब 2:10 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां से 2:25 बजे सोनारी एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद 2:35 बजे हेलीकॉप्टर से रांची के लिए रवाना हो जाएंगे।