logo

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ई-रिक्शा चला कर ‘श्राद्ध कर्म’ की तैयारियों का लिया जायज़ा

CMOKH.jpg

नेमरा (रामगढ़) 
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म कार्यक्रम की तैयारियों का खुद जायज़ा लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक अनोखा और सादगीपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने खुद ई-रिक्शा चलाकर आयोजन स्थल का दौरा किया और सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न पंडालों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि "सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, टेंट, बैठने की व्यवस्था और शौचालय की पर्याप्त सुविधा हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यातायात व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि आवागमन पूरी तरह सुगम रहे।"


मुख्यमंत्री की यह पहल दिखाती है कि वे आयोजन की व्यवस्थाओं को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी के तौर पर देख रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और नेमरा गांव के स्थानीय लोग उपस्थित थे। आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
यह आयोजन दिवंगत दिशोम गुरु की स्मृति में एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक अवसर है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest