द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित खेलगांव में सोमवार को शूटिंग रेंज और अन्य खेल परिसरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीर भी साझा की है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद राइफल हाथ में लेकर शूटिंग रेंज का अनुभव लिया। उन्होंने निशाना लगाने की भी कोशिश की, जिसकी तस्वीर सामने आई है। जानकारी साझा करते हुए सीएम ने कहा कि झारखंड के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और राज्य की खेल संरचना को उत्कृष्ट बनाने के लिए अभी कई सुधार किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में तेज गति से काम कर रही है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और उत्कृष्ट खेल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
आज खेलगांव में शूटिंग रेज और विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) July 6, 2026
झारखंड के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने, और खेल संरचना को उत्कृष्ट बनाने भी के लिए अभी कई सुधार करने की आवश्यकता है, जिसे राज्य सरकार द्वारा तेज गति से किया जा रहा… pic.twitter.com/kBbb7c1tTe
दरअसल मुख्यमंत्री ने टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का जायजा लिया तथा आधारभूत संरचना, खेल उपकरणों, सुरक्षा मानकों, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान शूटिंग रेंज की बदहाल व्यवस्था पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। मौके पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
खिलाड़ियों को मिलें विश्वस्तरीय सुविधाएं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने राइफल से साधा निशाना, सुधार के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग राइफल हाथ में लेकर खुद निशाना भी साधा और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने, उपकरणों के रखरखाव में सुधार, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था दुरुस्त करने, नियमित फायर मॉक ड्रिल कराने और खिलाड़ियों को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित होने से झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे।