logo

सीएनटी एक्ट का सबसे ज्यादा उल्लंघन खुद हेमंत सोरेन ने किया- बाबूलाल मरांडी

BABULAL29.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को पोड़ैयाहाट मैदान में आयोजित परिवर्तन सभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज झारखंड में सबसे ज्यादा अगर कोई प्रभावित हुए हैं तो हमारे आदिवासी समाज के लोग हैं।  आज प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री होते हुए भी सबसे ज्यादा आदिवासियों की जमीन और इज्जत लूटी गई है। सरकार ने 1000 करोड़ का खनन घोटाला किया है। साथ में सेना के जमीन को भी लूट खाया, राज्य सरकार ने झारखंड को लूट, झूठ के सिवाय कुछ नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही आदिवासियों के माटी, रोटी और बेटी की रक्षा कर सकती है। इसलिए माटी, रोटी और बेटी की रक्षा के लिए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनानी होगी। उन्होंने कहा कि 1951 में आदिवासियों की संख्या 36 प्रतिशत थी, जो घट कर 26 प्रतिशत हो गई है। वहीं संथाल परगना में आदिवासियों की संख्या 44 प्रतिशत थी, जो घट कर 28 प्रतिशत हो गई है। झारखंड में आदिवासियों की संख्या लगातार घट रही है।

मरांडी ने आगे कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठी के कारण झारखंड की डेमोग्राफी बदल रही है। अगर यही हाल रहा तो आगामी दिनों में आदिवासियों के लिए खतरा है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो बांग्लादेशी घुसपैठी को चुन-चुन कर बाहर निकाला जायेगा। उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस मनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही आदिवासी द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च पद पर बैठाया और राष्ट्रपति बनाने का काम किया है। 

बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि झारखंड के बालू को मुंबई, कोलकाता और अन्य शहरों में बेचा जा रहा है। पहाड़ों से पत्थर की खुदाई करके बेच जा रहा है। सेना की जमीनों को भी नहीं छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि झामुमो सीएनटी एक्ट की रक्षा करने का दावा करती है और दूसरी ओर हेमंत सोरेन ने ही सीएनटी एक्ट का सबसे अधिक उल्लंघन किया है। सीएनटी एक्ट में फर्जीवाड़ा कर झारखंड की जमीन बेंचने का काम किया है। लोगों की जमीन में गड़बड़ी की है और अब जब लोग जमीन का दस्तावेज ठीक कराने जा रहे हैं तो अफसर उनसे पैसा मांग रहे हैं। भाजपा की सरकार बनी तो गांव-गांव में अफसर जाकर लोगों की जमीन के दस्तावेज ठीक करने का काम करेंगे, अगर नहीं करेंगे तो उन्हें जेल भेजा जाएगा।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चुनाव नजदीक है तो सीएम मंईंया सम्मान योजना लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भाजपा सरकार महिलाओं को सम्मान निधि दे रही है, झारखंड में भाजपा की सरकार बनी तो भाजपा ही महिलाओं का सम्मान करेगी। अगर राज्य सरकार की नियत ठीक होती तो पहले ही इस योजना को लेकर आते।

Tags - Hemant Soren CNT Act Babulal Marandi Jharkhand News