रांची
आज रांची के धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड अग्निशमन सेवा को 58 अत्याधुनिक "Mini Water Tender with Mist Technology" वाहनों को समर्पित किया। वाहनों के हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस ये वाहन आग लगने की घटनाओं में त्वरित और प्रभावी राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आग लगने की स्थिति में शुरुआती समय सबसे महत्वपूर्ण होता है, लेकिन अक्सर लोग समझ नहीं पाते कि क्या किया जाए। ऐसे में लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते हैं, तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन आधुनिक वाहनों के शामिल होने से ऐसी परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई संभव होगी और जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

अत्याधुनिक सुविधाओं का लाइव डेमो दिखाया गया
समारोह के दौरान आधुनिक फायर टेंडरों की मिस्ट टेक्नोलॉजी और अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ये वाहन संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में भी तेजी से पहुंचकर आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में सक्षम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फायर सेफ्टी आज के समय की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। इसका प्रभाव व्यापक होता है और एक छोटी सी चूक बड़े हादसे में बदल सकती है। इसलिए राज्य सरकार लगातार अग्निशमन सेवा को आधुनिक संसाधनों और नई तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के हर नागरिक को बेहतर और त्वरित आपदा राहत सेवाएं उपलब्ध कराना है।
