logo

भारतीय पायलट स्मित माछर के साहस को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया सलाम

भारतीय पायलट स्मित माछर के साहस को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया सलाम

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर को हवा में गंभीर घटना सामने आई। इस दौरान भारतीय कैप्टन स्मित माछर घायल हो गए। घटना के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैप्टन स्मित माछर के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने लिखा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना कैप्टन ने जिस साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया, वह देश के लिए गर्व की बात है। हेमंत सोरेन ने मरांग बुरु से कैप्टन स्मित माछर के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना भी की। घटना के बाद भारतीय दूतावास ने भी उनकी हालत संतोषजनक बतायी है। 

कौन हैं कैप्टन स्मित माछर, कैसे टला बड़ा विमान हादसा?

कैप्टन स्मित माछर फ्लाईदुबई के बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन के तौर पर कार्यरत भारतीय पायलट हैं। वह जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े थे। इससे पहले उन्होंने स्पाइसजेट में करीब 11 साल काम किया और वहां वरिष्ठ कमांडर तथा लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी संभाली। उपलब्ध प्रोफाइल के मुताबिक उनके पास बोइंग 737 विमानों पर 9,750 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। 30 सितंबर को FZ1073 करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर दुबई से तेल अवीव जा रही थी, तभी कॉकपिट में कैप्टन और को-पायलट के बीच हिंसक झड़प हुई। 


घायल अवस्था में भी हिम्मत नहीं हारी
रिपोर्टों के मुताबिक ओमान के नागरिक बताए जा रहे को-पायलट ने कैप्टन माछर पर हमला किया, जिसके बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा। कैप्टन के घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब होने के बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को सऊदी अरब के ताबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट पर आपातकालीन रूप से उतारा गया। घटना में करीब 174-180 यात्री सवार बताए गए हैं और सभी सुरक्षित रहे। हालांकि घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच अभी जारी है।

Tags - Hemant Soren Smit Machchhar Flydubai Indian Pilot Jharkhand