logo

हेमंत सोरेन ने BJP को कहा ठगबाज, पूछा- भाजपा बताये ओडिशा में इनकी सरकार महिलाओं को कितना पैसा दे रही है

HEMANT005.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

सीएम हेमंत सोरेन ने आज जमशेदपुर में नवनिर्मित MGM हॉस्पिटल बिल्डिंग का उद्घाटन किया। ये नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। मौके पर सीएम हेमंत ने कहा कि ठगबाज भाजपा मुगालते में न रहे। भाजपा को लगता है कि झूठा फॉर्म भरवा कर लोगों को ठगने की कोशिश में वह सफल हो जाएगी? भाजपा बोलती है कि वो ₹2100 देगी। भाजपा यह बताये कि उनकी ओडिशा में सरकार महिलाओं को कितना पैसा दे रही है? झूठी भाजपा का झूठा आश्वासन झारखण्ड में नहीं चलेगा।
कहा, केंद्र सरकार की कोयला कंपनी के पास झारखण्ड का ₹1 लाख 36 हजार करोड़ बकाया है। अगर यह पैसा हमें मिल जाए तो हम इस स्थिति में होंगे कि हर महिला के खाते में तीन-तीन लाख रुपया डाल सके। भाजपा के लोग, हम लोगों के जात-बिरादरी के लोगों को, जो कमजोर है, जो संघर्ष नहीं कर सकता, लड़ नहीं सकता, उसे अपने पाले में डालकर हमारे बीच में भेज कर उल्टा-सीधा पाठ पढ़ाते हैं। आप सभी ध्यान दीजिएगा, आने वाले चुनाव में भाजपा के बहरूपियों से सावधान रहिएगा।


सोरेन ने कहा, आज राज्य की महिलाओं को सम्मान मिल रहा है, महिलाओं के खाते में सम्मान राशि जा रहा है। दो किस्त तो चला भी गया है। आने वाले दो-तीन दिनों में हम तीसरा क़िस्त भी लाखों दीदी-बहनों के खाते में डालने वाले हैं ताकि आपका दुर्गा पूजा का त्योहार खुशीपूर्वक मना सके। विपक्षियों ने इस योजना को बंद करने के लिए कोर्ट में आवेदन डाला है। हम स्थानीय के लिए नियोजन नीति बनाते हैं तो कोर्ट में जाकर उसे भी विपक्ष के लोग असंवैधानिक घोषित करा देते हैं। बड़ी विचित्र स्थिति है। अब भाजपा के लोग झूठा फॉर्म भरवा रहे हैं। बोलते हैं ₹2100 देंगे। पूछिये इनसे ओडिशा में कितना दे रहे हैं? कितने समय के लिए दे रहे हैं? ये लोग झूठा आश्वासन, झूठा राशन देने में आगे हैं। बोले थे विदेश से काला धन लाएंगे और सबके खाते में ₹15-15 लाख डालेंगे। बताएं किसके खाते में 15 लाख रुपया आया? गरीब गुरबा को अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से आपकी राज्य सरकार द्वारा लाभ प्रदान किया जा रहा है। किसानों का ₹2 लाख तक का ऋण माफ किया गया। गरीबों का बकाया बिजली बिल माफ किया गया, 200 यूनिट तक बिजली भी मुफ्त कर दी गई।
आप सभी को याद होगा कि जब आपकी सरकार का गठन दिसंबर 2019 में हुआ था। उस समय सरकार के गठन के बाद ही एक वैश्विक बीमारी ने पूरी दुनिया को चपेट में ले लिया था। अचानक केंद्र सरकार का आदेश लॉकडाउन का हुआ और वह ऐसा आदेश था, जिससे पूरा भारत देश जहां का तहां खड़ा रह गया। आपको पता होगा कि देश के लोगों को कोरोना से सुरक्षित करने का काम झारखण्ड ने किया। पूरे देश को ऑक्सीजन सप्लाई करने में झारखण्ड नंबर 1 रहा। हम ऑक्सीजन देकर पूरे देश के लोगों की जान बचाने का काम करते थे और दूसरी ओर, झारखण्ड के लोगों के तन में कपड़ा नहीं रहता था, दो वक्त का अनाज नहीं रहता था। बड़ी चिंता का विषय था। हमने लाखों लोगों को रोटी, कपड़ा और मकान का हक़-अधिकर देने का काम किया। कोरोना के समय आपका यही बेटा और भाई आपके साथ खड़ा था। यहां के लोग दूसरे जगह काम करने जाते हैं, इसलिए आपकी सरकार ने कानून बनाया कि यहां जो उद्योग हैं उसमें 75% स्थानीय युवाओं को नियोजित करना होगा। उसके अंतर्गत हजारों युवाओं को ऑफर लेटर भी दिया गया।
भाजपा की गिद्ध नजर हमारे संसाधनों पर है। भाजपा की नापाक कोशिश को कभी कामयाब नहीं होने देंगे।
भाजपा के लोग सिर्फ कागज का फॉर्म भरवाते हैं, पर काम नहीं करते। वादे करते हैं, और भूल जाते हैं। हर बार चुनाव आने पर ये लोग कई जुमले फेंकते हैं और भोली जनता को बहकाने का प्रयास करते हैं।


 

Tags - Hemant Soren BJP fraudster  Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand latest News